Thursday, October 28, 2010

दीवाली के पर्व पर भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, बाजारों व अन्य स्थानों पर पटाखे आदि बेचने पर रोक

सिरसा,28 अक्तूबर(सुनीत सरदाना)। दीवाली के पर्व पर भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, बाजारों व अन्य स्थानों पर पटाखे आदि बेचने पर रोक लगा दी गई है। जानमाल की सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए जिलाधीश श्री सी.जी रजिनीकांथन ने अपराधिक दंड संहिता की धारा 144 का प्रयोग करते हुए कोई पटाखा विक्रेता, दुकानदार निर्धारित मात्रा से अधिक पटाखे व विस्फोटक सामग्री की खरीद-बेच नहीं कर पाएगा। कोई भी व्यक्ति सक्षम अधिकारी द्वारा जारी लाइसेंस के बिना पटाखे आदि की खरीद-बेच नहीं कर पाएगा। आदेशों के अनुसार पटाखों की खरीद-बेच लाइसेंस अथोरिटी द्वारा निश्चित किए गए स्थान पर ही की जाएगी। इसके साथ-साथ इंडियन एक्सपलोसिव एक्ट 1884 के नियमों के तहत तय की गई मात्रा के अनुसार ही पटाखे इत्यादि रख सकेगा और बच सकेगा। आदेशों में यह भी कहा गया है कि पटाखों का उपयोग रात्रि 11 बजे से सुबह 6 बजे के बीच नहीं किया जा सकेगा।
उन्होंने आदेशों में कहा कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गए है और आगामी छह नवम्बर तक लागू रहेंगे।

सोनीपत रैली के लिए होशियारी ने दिया निमंत्रण।

सिरसा।28 अक्टूबर(सुनीत सरदाना)प्रदेश कांग्रेस कमेटी प्रतिनिधि होशियारी लाल शर्मा ने आगामी 1 नवम्बर को हरियाणा दिवस पर सोनीपत में होने जा रही पार्टी की चक दे इंडिया, चक दे हरियाणा रैली को लेकर आज विभिन्न गांवों का दौरा किया। शर्मा अपने साथी कार्यकर्ताओं के साथ सावनपुरा ढाणी, शाहपुर बेगू, नेजिया, अलीमोहम्मद, चाडीवाल सहित दर्जनभर गांव में गए। उन्होंने ग्रामीणों का आह्वान किया कि वे इस रैली में ज्यादा से ज्यादा सख्यां में भाग लें। शर्मा ने कहा कि रैली को लेकर प्रदेश भर में काफी उत्साह है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों से प्रत्येक वर्ग खुश है और इस रैली में सभी वर्गों के लोग बढ़चढ़ कर भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि यह रैली विपक्ष की बोलती बंद कर देगी। इस मौके पर थ्री व्हीलर यूनियन प्रधान बंसीलाल, रेहड़ी यूनियन प्रधान रामेश्वर, विजय सैनी, गिरधारी सैनी, टहल ङ्क्षसह सरपंच बेगू, लीलूराम पूर्व सरपंच, मा. राजकुमार वर्मा, संत लाल गुम्बर, संजय चावरियां, हरीश सोनी, स. दर्शन ङ्क्षसह, दर्शन कबाडिय़ा, तीर्थ कोटली आदि उपस्थित थे ।

होशियारी परिवीक्षण समीति के सदस्य मनोनीत

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते होशियारी लाल ।
सिरसा 28 अक्टूबर(सुनीत सरदाना)।वरिष्ठ कांग्रेस नेता होशियारी लाल शर्मा को हरियाणा सरकार ने राज्य स्तरीय परिवीक्षण समिति का सदस्य मनोनीत किया है। शर्मा के इस मनोनयन पर उनके समर्थकों व कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गयी व उन्होंने अनेक स्थानों पर लड्डू बांटकर अपनी खुशी जाहिर की। इस समिति का सदस्य बनाए जाने पर होशियारी लाल शर्मा को दिनभर उनके आवास, मोहल्ला जंडवाला स्थित नए कार्यालय तथा रोड़ी बाजार स्तिथ उनके प्रतिष्ठान पर बधाई देने वालों का सिलसिला निरंतर जारी रहा। उल्लेखनीय है कि यह समिति प्रदेश में 20 सूत्रीय कार्यक्रम के क्रियान्वयन की समीक्षा करती है और इसे लागू करवाने हेतु विभिन्न कदम उठाती है। अपने इस मनोनयन पर होशियारी लाल शर्मा ने मुख्यमंत्री चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष फूल चंद मुलाना का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे सरकार द्वारा दी गयी इस जिम्मेवारी को पूरी निष्ठा से निभाएंगे। वहीँ शर्मा समर्थकों ने कहा कि मुख्यमंत्री ने शर्मा को 20 सूत्री कार्यक्रम मोनिटरिंग समिति का सदस्य बनाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मान बढ़ाया है और इसके लिए कार्यकर्ता उनका हार्दिक धन्यवाद करते हैं।

जागरूकता सप्ताह 1 से।

सिरसा।28 अक्टूबर(सुनीत सरदाना)। प्रदेश में भ्रष्टाचार मुक्त वातावरण बनाने के उद्देश्य से पुलिस की ओर से आगामी 1 नवम्बर तक विशेष जागरुकता सप्ताह मनाया जा रहा है। यह जानकारी देते हुए सर्तकता ब्यूरो के निरीक्षक देवीलाल ने बताया कि प्रदेशभर में यह सप्ताह मनाया जा रहा है और इसके तहत लोगों से अपील की जा रही है कि सरकारी या निजी क्षेत्र का कोई व्यक्ति भ्रष्टाचार के कारनामों में संलिप्त है अथवा किसी व्यक्ति को कोई अधिकारी कर्मचारी नाजायज रुप से परेशान कर रहा है तो इसकी जानकारी सर्तकता विभाग को दें।उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस अधीक्षक विजीलैंस सज्जन सिंह के मार्गदर्शन में हिसार जोन के तहत आने वाले सिरसा जिला में सर्तकता एवं जागरुकता अभियान के तहत सभी लोगों से अपील की जाती है कि भ्रष्ट लोगों का पर्दाफाश करने में ब्यूरो की मदद करें। उन्होंने इस कार्य के लिए सूचना देने के लिए पुलिस अधीक्षक(सतर्कता)हिसार के नम्बर 01662-२७५२८०,ब्यूरो के सिरसा कार्यालय 01666-228645 अथवा मोबाईल फोन नं. 9729709242 पर संपर्क कर के भ्रष्ट कर्मचारीयों की सूचना दे सकते हैं ।

Wednesday, October 27, 2010

युवती का सिर बरामद

सिरसा । 27 अक्टूबर (सुनीत सरदाना)। चतरगढ़ पट्टी स्थित जलघर से आज पुलिस को एक युवती का सिर मिला है। संभावना व्यक्त की जा रही है कि गत दिनों गांव झोंपड़ा में सिर काटकर युवती की, की गई हत्या का सम्बन्ध इससे है। गौरतलब है कि 22 अक्टूबर को सुखचैन माईनर के पास गड्डों में पुलिस को एक युवती का सिर कटा शव मिला था। युवती के हाथ बंधे हुए थे। नग्र अवस्था में बरामद हुए इस शव की पहचान सिर कटे होने के कारण नहीं हो रही थी। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने के पश्चात जांच तो शुरू की लेकिन कोई कामयाबी कल तक नहीं मिली थी। आज चतरगढ़ पट्टी के जलघर में लोगों ने कटे हुए सिर को देखा और सूचना पुलिस को दी। हुडा चौकी प्रभारी व शहर थाना प्रभारी मौके पहुंचे और जलघर से कटे हुए सिर को बाहर निकाल कर कब्जे में लिया। चौकी प्रभारी का कहना है कि बरामद कटा सिर युवती का है। पुलिस यह मानकर चल रही है कि 22 अक्टूबर को बरामद हुई युवती के धड़ का सिर यही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार जिन लोगों ने इस युवती की गला काटकर हत्या की। उन्हीं लोगों ने सिर जलघर में फैंका है। पुलिस बरामद युवती के सिर को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल लाई है। अब पुलिस को इस हत्या की गुत्थी सुलझाने में काफी आसानी होगी।

बस सेवा न होने से सुल्तानपुरिया के लोग परेशान

सिरसा । 27 अक्टूबर (रोहित)। जिले के गाँव सुलतानपुरिया गांव में बस सुविधा न होने से सुलतानपुरिया गांव के लोगों  व स्कूली छात्र-छात्राओं को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गांव में उच्च शिक्षा का प्रबंध न होने के कारण उन्हे रानियाँ के स्कूलों में दखिला लेना पड़ा। उन स्कूली छात्रों को अपनी शिक्षा को जारी रखने व अध्ययन करने के लिए हर रोज रानियाँ आने जाने के लिए उन्हें 4 से 5 कि0 मी0 तक पैदल चलना पड़ता है।
गांव के लोग बंसीलाल, रणजीत सिंह व जगदेव सिंह ने बताया कि गांव में उचित शिक्षा का प्रबंध न होने के कारण स्कूली छात्रों को काफी दिक्कतो का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने यह भी बताया कि 2 वर्ष पूर्व गांव में एक बस रोडवेज की व 5 बसे सहकारी समिति की आती थी अब केवल रोडवेज की एक ही बस गाँव में आती है। वह भी दिन में दो बार ही आती है। जिस कारण कई मर्तबा स्कूली छात्रों को स्कूल तक पैदल ही जाना पड़ता है।
गाँव की सरपंच राजबाला के पति कालूराम ने बाताया कि बच्चों की इस समस्या को ध्यान में रखतें ग्रांम पंचायत द्वारा इस समस्या के निदान के लिए प्रशासन से आग्रह किया गया है । जिस पर प्रशासन ने आश्वासन जाताया कि इस समस्या पर जल्द ही कार्य किया जाएगा।

पड़ोसी की हिफाजत में हारी जिन्दगी

 नाथूसरी चोपटा। 27अक्तुबर,(प्रीति/सुनीत)पड़ोसी की हिफाजत में गाँव शक्करमंदौरी  का एक युवक अपनी ज़िन्दगी से हार गया। करवाचौथ की पूर्व संध्या पर सांप की दहशत में घबराए पड़ोसियों की मदद करने गए युवक इस युवक को सांप ने काट लिया जिस कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खंड के गाव शक्कर मंदौरी निवासी मोहनलाल के घर में सोमवार रात्रि को करीबन 9 बजे एक जहरीला सांप आ घुसा। सांप के घर में घुसने से परिवार के सभी सदस्य घबरा गए और उन्होंने मदद के लिए पड़ोसी बेग राज पुत्र हरिसिंह को बुलाया जो की अपने अंदाज में सांप भगाने में माहिर था । 35 वर्षीय बेग राज जब हिफाजत के लिए यहाँ  पहुंचा और उसने सांप को देखकर भगाने की कोशिश की । परन्तु इसी बीच सांप ने तैश में आकर एकाएक बेग राज को कई जगहों से काट लिया। करीबन डेढ़-दो फुट लंबे इस जहरीले सांप ने बेग राज को बचने का भी कोई मौका नहीं दिया । जिससे उसकी हाथों की उँगलियों सहित कई अन्य जगह पर भी वार कर दिया जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। सर्पदंश से बेग राज की हालात गंभीर हो गई और उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया । शरीर में जहर फैल जाने के कारण वह अस्पताल में पहुचने से पहले ही रास्ते में दम तोड़ गया।गाँव में इस घटना का पता लगते ही गमगीन माहौल में ग्रामीण वहा इकट्ठे होने लगे और बेग राज के परिवार जनों का ढाढस बंधाया। बेग राज का अंतिम संस्कार मंगलवार को गाव शक्कर मंदौरी में ही किया गया।