Saturday, October 30, 2010

हैण्डबाल में सिरसा ने जीता रजत पदक

विजेता हैण्डबाल  टीम के साथ उनके प्रशिक्षक ।
सिरसा 30 अक्टूबर(सुनीत सरदाना/करण तरनेजा)फरीदाबाद में आयोजित हरियाणा ओलम्पिक में सिरसा जिले के पुरूषों की हैण्डबाल टीम ने रजत पदक जीतने के साथ पूरे ओलम्पिक में दूसरा स्थान हासिल किया।टीम के मेनेजर जयपाल बुडानिया ने पत्रकारो को बताया कि आज के समय में कामयाब होना है तो खेलो को अधिक महत्व देना होगा। उन्होने कहा कि आदमी पढ़-लिखकर आईएएस व आईपीएस अधिकारी बन सकता है। उसका नाम भारत में ही हो सकता है। परन्तु जो व्यक्ति खेल खेलकर ओलम्पिक व एशियाई खेलो मे  पदक लाते है उन्हें पूरा संसार जानने लग जाता है। हैण्डबाल टीम के कप्तान अवतार सिंह,अशोक जांदू,सन्नी,मंगत सिंह गिरधारी लाल व विनोद कुमार ने बताया कि हरियाणा सरकार कि तरफ से दी गयी सुविधाओं के कारण ही वे इस ओलम्पिक में सिरसा की टीम ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।इस अवसर पर टीम के प्रशिक्षक सुखविंद्र सिंह के अलावा कई अन्य खिलाड़ी मौजूद थे।

भावी पत्रकार मनाएंगे पटाखों रहित दीपावली

विद्यार्थियों द्वारा बनाये गए पम्फ्लेट्स का विमोचन करते कुलपति ।
रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते कुलपति डॉ.के.सी भारद्वाज ।
पटाखा रहित दीपावली रैली निकालते विद्यार्थी ।
सिरसा। 30 अक्तूबर(सुनीत सरदाना)। चौधरी देवीलाल विष्वविद्यालय के प्राध्यापकों व विद्यार्थियों ने इस बार पटाखा रहित दीवाली मनाने का फैसला लिया है। विष्वविद्यालय के कुलपति डॉ. के.सी. भारद्वाज के समक्ष शपथ लेते हुए विद्यार्थियों ने कहा कि वे वर्ष 2010 की दीपावली पटाखों के बगैर मनायेंगे और पर्यावरण को स्वच्छ बनाने में भरपूर योगदान देंगे। डॉ. के.सी. भारद्वाज ने पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग व ऊर्जा एवं पर्यावरण विभाग के विद्यार्थियों द्वारा उठाये गए इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के अन्य विभागों के विद्यार्थियों को भी पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के  विद्यार्थियों से प्ररेणा लेनी चाहिए और पटाखा रहित दीपावली मनाने के संदेश पर खुद अमल करते हुए अपने रिश्तेदारों तक भी यह संदेश पहुंचाना चाहिए।
 डॉ. भारद्वाज ने यह भी कहा कि दीपावली का अर्थ है दीपों की पंक्ति और यह त्यौहार दीपों से मनाया जाना चाहिए ना कि पटाखों से। उन्होंने कहा कि पटाखों की वजह से ध्वनि प्रदूषण व वायु प्रदूषण तो फैलता ही है साथ की साथ अनेक बीमारियों का भी जन्म होता है। कुलपति ने कहा कि प्रत्येक वर्ष अनेक आगजनी के हादसे पटाखों के प्रयोग से होते हैं लेकिन दीवाली को यदि मिठाइयां बांटकर मनाया जाये तो इस प्रकार के हादसों से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि पटाखों से होने वाले प्रदूषण की वजह से जन-जीवन तो प्रभावित होता ही है साथ की साथ प्राकृतिक संतुलन भी बिगड़ता है और पशु-पक्षी व जानवर भी इससे प्रभावित होते हैं। डॉ. भारद्वाज ने कहा कि अन्य विभागों को भी इस प्रकार समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य करना चाहिए।
    डॉ. भारद्वाज ने पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग और ऊर्जा एवं पर्यावरण विभाग द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित पटाखा रहित जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कुलपति ने इस अवसर पर पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए पैम्पलैटस का भी विमोचना किया। छात्रों ने जहां पूरे परिसर में विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए रैली निकाली वहीं ये पैम्पलैटस भी विश्वविद्यालय के सभी विभागों में वितरित किए गए और पैम्पलैटस के माघ्यम से बताया गया कि किस प्रकार पटाखों से धन की बर्बादी तो होती ही है साथ की साथ पर्यावरण पर भी नाकारात्मक प्रभाव पड़ता है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. मनोज सिवाच ने भी पत्रकारिता एवं ऊर्जा एवं पर्यावरण विभाग की भूरी-2 प्रशंसा की। विश्वविद्यालय की पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की वरिष्ठ प्राध्यापिका डॉ. ब्रहमलता ले अलग-अलग विभागों में पटाखा रहित दीपावली मनाने का संदेश दिया। विभाग के प्राध्यापक रविन्द्र ढिल्लो ने विद्यार्थियों से अनुरोध किया कि मात्र रैली निकालनें से औचित्य पूरा नहीं होगा रैली को तभी सफल माना जायेगा जब विभाग का कोई भी विद्यार्थी दीवाली पर आतिशबाजी नहीं करेगा। रैली के समापन अवसर पर पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि सभी विद्यार्थी रैली के अनुभवों को बलोग्स पर समाचार के रूप में लिखेंगे। विद्यार्थियों की अगुवाई पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के 65 वर्षीय छात्र बस्ती राम ने की और एम.ए. प्रथम वर्ष के छात्र सुनीत सरदाना के दिशा -निर्देशन में विभिन्न कक्षाओं में जाकर पटाखा रहित दीवाली मनाने का संदेश लैक्चर मैथड के माध्यम से दिया। विश्वविद्यालय के डीन स्टूडैंट वेल्फेयर तथा ऊर्जा एवं पर्यावरण विभाग के अध्यक्ष प्रौफेसर सुरेश गहलावत, गणित विभाग के अध्यक्ष प्रौफेसर असीम मिगलानी, अर्थशास्त्र विभाग के अध्यक्ष डॉ. अभय सिंह गोदारा, ऊर्जा एवं पर्यावरण विभाग के प्रौफेसर डॉ.काशिफ किदवई, फूड साइंस विभाग की प्राध्यापिका मंजू नेहरा सहित अनेक प्राध्यापक व विद्यार्थियों ने इस रैली में बढ़चढ़ कर भाग लिया। पत्रकारिता विभाग के प्राध्यापक अमित सांगवान, राममेहर पालवां, कृश्ण, सन्नी गुप्ता,, पूनम, रचना, होरी लाल, सुमेर, संजय कुमार, जसवन्त आदि उपस्थित थे।
वहीँ विश्वविद्यालय के ही शिक्षा विभाग द्वारा दीवाली के उपलक्ष्य में सांस्कृतिक कार्यक्रम को आयोजन किया गया और अनेक प्रकार की मेहन्दी प्रतियोगिता, स्लोगन लेखन व पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में अंग्रेजी विभाग की प्राध्यापिका डॉ. दीप्ति धर्माणी तथा पत्रकारिता विभाग की वरिष्ठ प्राध्यापिका डॉ. ब्रहमलता, पूनम कलेरा ने निर्णायक मण्डल की भूमिका निभाई। प्रतियोगिताओं के परिणाम मंगलवार को घोषित किए जायेंगे। इस अवसर पर डॉ. दिप्ती धर्माणी ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों के सम्पूर्ण व्यक्तित्व का विकास होता है। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष प्रौफेसर शमशेर सिंह ने सभी विद्यार्थियों व प्राध्यापकों को दीपावली की शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में विभाग के प्राध्यापक डॉ. निवेदिता, डॉ. वन्दना, डॉ. रणजीत कौर व राजकुमार भी उपस्थित थे ।  दीपावली

Thursday, October 28, 2010

दीवाली के पर्व पर भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, बाजारों व अन्य स्थानों पर पटाखे आदि बेचने पर रोक

सिरसा,28 अक्तूबर(सुनीत सरदाना)। दीवाली के पर्व पर भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, बाजारों व अन्य स्थानों पर पटाखे आदि बेचने पर रोक लगा दी गई है। जानमाल की सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए जिलाधीश श्री सी.जी रजिनीकांथन ने अपराधिक दंड संहिता की धारा 144 का प्रयोग करते हुए कोई पटाखा विक्रेता, दुकानदार निर्धारित मात्रा से अधिक पटाखे व विस्फोटक सामग्री की खरीद-बेच नहीं कर पाएगा। कोई भी व्यक्ति सक्षम अधिकारी द्वारा जारी लाइसेंस के बिना पटाखे आदि की खरीद-बेच नहीं कर पाएगा। आदेशों के अनुसार पटाखों की खरीद-बेच लाइसेंस अथोरिटी द्वारा निश्चित किए गए स्थान पर ही की जाएगी। इसके साथ-साथ इंडियन एक्सपलोसिव एक्ट 1884 के नियमों के तहत तय की गई मात्रा के अनुसार ही पटाखे इत्यादि रख सकेगा और बच सकेगा। आदेशों में यह भी कहा गया है कि पटाखों का उपयोग रात्रि 11 बजे से सुबह 6 बजे के बीच नहीं किया जा सकेगा।
उन्होंने आदेशों में कहा कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गए है और आगामी छह नवम्बर तक लागू रहेंगे।

सोनीपत रैली के लिए होशियारी ने दिया निमंत्रण।

सिरसा।28 अक्टूबर(सुनीत सरदाना)प्रदेश कांग्रेस कमेटी प्रतिनिधि होशियारी लाल शर्मा ने आगामी 1 नवम्बर को हरियाणा दिवस पर सोनीपत में होने जा रही पार्टी की चक दे इंडिया, चक दे हरियाणा रैली को लेकर आज विभिन्न गांवों का दौरा किया। शर्मा अपने साथी कार्यकर्ताओं के साथ सावनपुरा ढाणी, शाहपुर बेगू, नेजिया, अलीमोहम्मद, चाडीवाल सहित दर्जनभर गांव में गए। उन्होंने ग्रामीणों का आह्वान किया कि वे इस रैली में ज्यादा से ज्यादा सख्यां में भाग लें। शर्मा ने कहा कि रैली को लेकर प्रदेश भर में काफी उत्साह है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों से प्रत्येक वर्ग खुश है और इस रैली में सभी वर्गों के लोग बढ़चढ़ कर भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि यह रैली विपक्ष की बोलती बंद कर देगी। इस मौके पर थ्री व्हीलर यूनियन प्रधान बंसीलाल, रेहड़ी यूनियन प्रधान रामेश्वर, विजय सैनी, गिरधारी सैनी, टहल ङ्क्षसह सरपंच बेगू, लीलूराम पूर्व सरपंच, मा. राजकुमार वर्मा, संत लाल गुम्बर, संजय चावरियां, हरीश सोनी, स. दर्शन ङ्क्षसह, दर्शन कबाडिय़ा, तीर्थ कोटली आदि उपस्थित थे ।

होशियारी परिवीक्षण समीति के सदस्य मनोनीत

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते होशियारी लाल ।
सिरसा 28 अक्टूबर(सुनीत सरदाना)।वरिष्ठ कांग्रेस नेता होशियारी लाल शर्मा को हरियाणा सरकार ने राज्य स्तरीय परिवीक्षण समिति का सदस्य मनोनीत किया है। शर्मा के इस मनोनयन पर उनके समर्थकों व कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गयी व उन्होंने अनेक स्थानों पर लड्डू बांटकर अपनी खुशी जाहिर की। इस समिति का सदस्य बनाए जाने पर होशियारी लाल शर्मा को दिनभर उनके आवास, मोहल्ला जंडवाला स्थित नए कार्यालय तथा रोड़ी बाजार स्तिथ उनके प्रतिष्ठान पर बधाई देने वालों का सिलसिला निरंतर जारी रहा। उल्लेखनीय है कि यह समिति प्रदेश में 20 सूत्रीय कार्यक्रम के क्रियान्वयन की समीक्षा करती है और इसे लागू करवाने हेतु विभिन्न कदम उठाती है। अपने इस मनोनयन पर होशियारी लाल शर्मा ने मुख्यमंत्री चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष फूल चंद मुलाना का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे सरकार द्वारा दी गयी इस जिम्मेवारी को पूरी निष्ठा से निभाएंगे। वहीँ शर्मा समर्थकों ने कहा कि मुख्यमंत्री ने शर्मा को 20 सूत्री कार्यक्रम मोनिटरिंग समिति का सदस्य बनाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मान बढ़ाया है और इसके लिए कार्यकर्ता उनका हार्दिक धन्यवाद करते हैं।

जागरूकता सप्ताह 1 से।

सिरसा।28 अक्टूबर(सुनीत सरदाना)। प्रदेश में भ्रष्टाचार मुक्त वातावरण बनाने के उद्देश्य से पुलिस की ओर से आगामी 1 नवम्बर तक विशेष जागरुकता सप्ताह मनाया जा रहा है। यह जानकारी देते हुए सर्तकता ब्यूरो के निरीक्षक देवीलाल ने बताया कि प्रदेशभर में यह सप्ताह मनाया जा रहा है और इसके तहत लोगों से अपील की जा रही है कि सरकारी या निजी क्षेत्र का कोई व्यक्ति भ्रष्टाचार के कारनामों में संलिप्त है अथवा किसी व्यक्ति को कोई अधिकारी कर्मचारी नाजायज रुप से परेशान कर रहा है तो इसकी जानकारी सर्तकता विभाग को दें।उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस अधीक्षक विजीलैंस सज्जन सिंह के मार्गदर्शन में हिसार जोन के तहत आने वाले सिरसा जिला में सर्तकता एवं जागरुकता अभियान के तहत सभी लोगों से अपील की जाती है कि भ्रष्ट लोगों का पर्दाफाश करने में ब्यूरो की मदद करें। उन्होंने इस कार्य के लिए सूचना देने के लिए पुलिस अधीक्षक(सतर्कता)हिसार के नम्बर 01662-२७५२८०,ब्यूरो के सिरसा कार्यालय 01666-228645 अथवा मोबाईल फोन नं. 9729709242 पर संपर्क कर के भ्रष्ट कर्मचारीयों की सूचना दे सकते हैं ।

Wednesday, October 27, 2010

युवती का सिर बरामद

सिरसा । 27 अक्टूबर (सुनीत सरदाना)। चतरगढ़ पट्टी स्थित जलघर से आज पुलिस को एक युवती का सिर मिला है। संभावना व्यक्त की जा रही है कि गत दिनों गांव झोंपड़ा में सिर काटकर युवती की, की गई हत्या का सम्बन्ध इससे है। गौरतलब है कि 22 अक्टूबर को सुखचैन माईनर के पास गड्डों में पुलिस को एक युवती का सिर कटा शव मिला था। युवती के हाथ बंधे हुए थे। नग्र अवस्था में बरामद हुए इस शव की पहचान सिर कटे होने के कारण नहीं हो रही थी। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने के पश्चात जांच तो शुरू की लेकिन कोई कामयाबी कल तक नहीं मिली थी। आज चतरगढ़ पट्टी के जलघर में लोगों ने कटे हुए सिर को देखा और सूचना पुलिस को दी। हुडा चौकी प्रभारी व शहर थाना प्रभारी मौके पहुंचे और जलघर से कटे हुए सिर को बाहर निकाल कर कब्जे में लिया। चौकी प्रभारी का कहना है कि बरामद कटा सिर युवती का है। पुलिस यह मानकर चल रही है कि 22 अक्टूबर को बरामद हुई युवती के धड़ का सिर यही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार जिन लोगों ने इस युवती की गला काटकर हत्या की। उन्हीं लोगों ने सिर जलघर में फैंका है। पुलिस बरामद युवती के सिर को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल लाई है। अब पुलिस को इस हत्या की गुत्थी सुलझाने में काफी आसानी होगी।